गाजीपुर। मदनपुर जरगो में स्वतंत्र पत्रकार बनसराज यादव की माता स्वर्गीय दुलारी यादव की श्रद्धांजलि सभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। सामाजिक, राजनीतिक और पत्रकारिता जगत से जुड़ी कई हस्तियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर दिवंगत दुलारी यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा केवल स्मरण और संवेदना का अवसर ही नहीं रही, बल्कि महिला सशक्तीकरण, शिक्षा के प्रसार और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का संदेश देने वाला मंच भी बनी।

समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय महासचिव पुनीता सिंह खुशबू ने महिलाओं से समाज के प्रत्येक क्षेत्र में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक विकास और सकारात्मक बदलाव के लिए महिलाओं की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। महिलाओं को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और समाज निर्माण के कार्यों में आगे आकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

वहीं, यादव महासभा के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘साइकिल’ ने समाज को तेरही, दहेज और नशे जैसी कुरीतियों से मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने शिक्षा को प्राथमिकता देने, अनावश्यक खर्चों से बचने और नई पीढ़ी को बेहतर भविष्य देने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने सामाजिक एकता और रूढ़ियों से बाहर निकलकर प्रगतिशील समाज बनाने का संदेश दिया।

गीत-संगीत के जरिए दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में बिरहा गायक दयाशंकर यादव और मोनू यादव ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से दुलारी यादव के जीवन और उनकी स्मृतियों को स्वर दिया। वहीं, हास्य कलाकार चिरकुट ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, संवेदना और सामाजिक संदेश का संगम देखने को मिला।

सैनिकों का सम्मान कर याद कीं मां की भावनाएं

श्रद्धांजलि सभा के दौरान पत्रकार बनसराज यादव ने सैनिकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि उनकी माता दुलारी यादव सैनिकों का विशेष सम्मान करती थीं। वह कहा करती थीं कि देश की सेवा करना हर किसी के बस की बात नहीं है और सैनिक देश के सच्चे नायक होते हैं। बनसराज यादव ने सैनिकों को सम्मानित कर अपनी माता की भावनाओं और उनके विचारों को श्रद्धापूर्वक याद किया।

 सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र की हस्तियों की रही मौजूदगी

सभा में यादव महासभा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रामज्ञान सिंह यादव, जिला पंचायत प्रतिनिधि राहुल यादव जरगो, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजय यादव, फौजी सुरेंद्र यादव अपनी टीम के साथ, मगही पुल निर्माण समिति के सदस्य कालिका यादव, रमाकांत यादव, जिला पंचायत सदस्य पारस यादव, सपा नेता राजकुमार पांडेय, छात्र नेता मनोज यादव, चंद्रबली यादव, दिवेंद्र यादव, रीता विश्वकर्मा, महिला सभा की पूर्व जिलाध्यक्ष आशा यादव, विधानसभा अध्यक्ष सुषमा बिंद, शिव प्रकाश यादव, ग्राम प्रधान कैलाश यादव, शोभनाथ यादव, सेक्टर प्रभारी मार्कंडेय यादव, पहलवान अशोक यादव, ग्राम प्रधान टीका यादव, ग्राम प्रधान बृजेश यादव, पत्रकार बृजभूषण मार्कंडेय, संतोष कुमार और दाऊद खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

श्रद्धांजलि सभा के अंत में दिवंगत दुलारी यादव को नमन करते हुए सामाजिक एकता मजबूत करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, शिक्षा को प्रोत्साहित करने और तेरही, दहेज व नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों से मुक्त समाज बनाने के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि किसी व्यक्ति की स्मृतियों को सच्ची श्रद्धांजलि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले कार्यों से भी दी जा सकती है।