गाजीपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महिला सशक्तिकरण, सम्मान और सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 13 अक्टूबर 2026 को थाना करीमुद्दीनपुर की मिशन शक्ति टीम ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा महिला अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

चौपाल में मिशन शक्ति प्रभारी एवं टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, छेड़खानी सहित महिलाओं के विरुद्ध होने वाले विभिन्न अपराधों की जानकारी दी। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में बिना डरे पुलिस से संपर्क करने और उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं की मदद ली जा सकती है।

- 1090 – वीमेन पावर लाइन

- 1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन

- 181 – महिला हेल्पलाइन

- 101 – अग्निशमन सेवा

- 112 – पुलिस आपातकालीन सेवा

- 108/102 – एम्बुलेंस सेवा

- 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

- 1930 – साइबर वित्तीय धोखाधड़ी हेल्पलाइन

 थाने और मिशन शक्ति केंद्र के सीयूजी नंबर भी बताए

महिलाओं एवं बालिकाओं को आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय पुलिस से संपर्क करने के लिए थाना करीमुद्दीनपुर का सीयूजी नंबर 9454403453 तथा मिशन शक्ति केंद्र का सीयूजी नंबर 9454409400 भी उपलब्ध कराया गया।

पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें, किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को चुपचाप न सहें और जरूरत पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस की सहायता लें।

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित इस जागरूकता चौपाल का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना, उन्हें सरकारी सहायता सेवाओं से जोड़ना तथा समाज में महिला सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश पहुंचाना रहा।