गाज़ीपुर से उर्फी रिज़वी की रिपोर्ट 

गाजीपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस ने एक संवेदनशील एवं सराहनीय पहल की। अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में थाना कोतवाली क्षेत्र के लंगरपुर, छावनी लाइन स्थित नारी संरक्षण गृह में निवासरत महिलाओं एवं वृद्धजनों के बीच फल और मिष्ठान का वितरण किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी के प्रति आत्मीयता और सहयोग की भावना व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य संरक्षण गृह में रह रही महिलाओं और वृद्धजनों के बीच अपनत्व, सम्मान एवं सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा उनके जीवन में खुशियों के कुछ पल जोड़ना रहा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और अधिकारों की रक्षा करना पुलिस के साथ-साथ पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान संगीत के माध्यम से महिलाओं एवं वृद्धजनों का उत्साहवर्धन किया गया, जिससे वहां का माहौल खुशनुमा हो गया। पुलिसकर्मियों ने उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया और उन्हें यह भरोसा दिलाया कि पुलिस जरूरतमंदों की सहायता एवं सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत पड़ने पर महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। इनमें वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शामिल हैं।

गाजीपुर पुलिस द्वारा शासन के निर्देशों के अनुरूप महिला एवं बाल सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक सहभागिता पर भी जोर दिया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से संरक्षण गृह में रह रहे लोगों को सम्मान, सहयोग और सकारात्मकता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमोद कुमार सिंह, महिला थानाध्यक्ष पल्लवी सिंह, मिशन शक्ति प्रभारी रमेश यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।