जमानिया में रामलीला को लेकर डीएम और एसपी ने किया पैदल गश्त, शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील
जमानिया। आगामी रामलीला और त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ जमानिया नगर स्थित बलुआ घाट तक पैदल गश्त किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए स्थानीय नागरिकों और आयोजकों से त्योहार को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने जनता को संबोधित करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता या विवाद की स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने में जिला व पुलिस प्रशासन हर स्तर पर जनता के साथ खड़ा है। साथ ही सख्त चेतावनी भी दी कि यदि किसी ने भी माहौल खराब करने या विवाद उत्पन्न करने की कोशिश की, तो प्रशासन कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाएगा। अधिकारियों ने आगे कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण और पावन पर्व है, जिसे सभी लोग मिल-जुलकर और उल्लास के साथ मनाएं। नागरिकों की सुविधा के लिए बिजली, पेयजल और साफ-सफाई सहित सभी बुनियादी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी निधि क्षेत्राधिकार अंकित तिवारी तहसीलदार जितेंद्र कुमार नायक तहसीलदार जितेंद्र कुमार अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार प्रभारीनरीक्षक योगेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

