गाजीपुर। देश की एकता और अखंडता के सूत्रधार, लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती जनपद गाजीपुर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त शाखा प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को आंतरिक सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।

इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के अद्वितीय व्यक्तित्व, दूरदर्शी नेतृत्व और देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रहित, सामाजिक एकता और राष्ट्रीय अखंडता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय एकता के महत्व को रेखांकित करते हुए पुलिसकर्मियों से देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति पूरी जिम्मेदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

सरदार पटेल की जयंती पर पुलिस विभाग ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।