जनपद न्यायालय परिसर में होगा वृहद शिविर का आयोजन, तैयारियों का अपर जिला जज एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लिया जायजा
गाजीपुर। आमजन को न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 01 नवंबर 2026 को जनपद न्यायालय परिसर, गाजीपुर में मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित होने वाले इस शिविर में जनपद के विभिन्न सरकारी विभागों की सहभागिता रहेगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को शिविर की पूर्व संध्या पर अपर जिला जज-प्रथम एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत, गाजीपुर तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री बलराम दास ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए जा रहे सहायता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के कैंप, टेंट, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश तथा सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन किया गया। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि रविवार को आयोजित होने वाले इस मेगा शिविर में जनपद के समस्त सरकारी विभाग अपने-अपने कैंप लगाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।
शिविर का विशेष उद्देश्य महिलाओं, निर्बल एवं निर्धन वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों तथा दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं और विधिक सहायता का लाभ उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरतमंद लोगों को सरकारी सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े और उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी एवं सहायता मिल सके।
अपर जिला जज ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय पर अपने-अपने कैंप के साथ उपस्थित रहें तथा आपसी समन्वय बनाकर शिविर को सफल बनाएं।
यह मेगा शिविर जरूरतमंद एवं पात्र लोगों के लिए सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और उनका लाभ उठाने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।

