गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज़ 5.0” अभियान के तहत जनपद गाजीपुर पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया।

अभियान के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा पैदल गश्त की गई। इस दौरान आमजन, महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित वातावरण का भरोसा दिलाया गया।

 एंटी रोमियो टीम ने संभाला मोर्चा

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर विशेष भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने वाले शोहदों एवं अराजक तत्वों पर निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई।

 महिला सुरक्षा के लिए पुलिस का संकल्प

गाजीपुर पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, सार्वजनिक स्थानों पर भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना तथा महिला अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिसिंग को बढ़ावा देना है।

मिशन शक्ति फेज़ 5.0 के तहत गाजीपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश

“महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, अपराधियों पर लगातार कार्रवाई।”