गाजीपुर/नंदगंज। रक्षाबंधन के पावन पर्व को सामाजिक एकजुटता और भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते से जोड़ते हुए समाजवादी पार्टी ने ‘समाजवादी PDA रक्षाबंधन महोत्सव’ की शुरुआत की है। इसी कड़ी में सदर विधानसभा क्षेत्र के बेलसड़ी गांव में आयोजित कार्यक्रम में सपा के वरिष्ठ नेता सुजीत सिंह यादव ‘साइकिल’ और समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह ‘खुशबू’ पीडीए समाज की माताओं-बहनों के बीच पहुंचे।
सैकड़ों बहनों ने बांधी राखी, गूंजे स्वागत गीत
बेलसड़ी में आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों बहनों ने सुजीत ‘साइकिल’ की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें स्नेह व आशीर्वाद दिया। महिलाओं ने पारंपरिक गीतों के जरिए अतिथियों का स्वागत किया। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों और महिलाओं में खासा उत्साह नजर आया।
सुजीत ‘साइकिल’ ने बहनों की राखियों को स्नेह, विश्वास और सामाजिक रिश्तों की मजबूती का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव-गांव जाकर लोगों से आत्मीय संवाद और सामाजिक एकजुटता का संदेश देने का प्रयास है।
महिलाओं के बीच पुनीता सिंह ‘खुशबू’ ने साधा सीधा संवाद
कार्यक्रम में पुनीता सिंह ‘खुशबू’ की मौजूदगी विशेष रूप से चर्चा में रही। उन्होंने महिलाओं से सीधे संवाद करते हुए कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ विश्वास, सम्मान और सामाजिक संबंधों को मजबूत करने का पर्व है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए समाज की महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। इस दौरान उन्होंने पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये देने, 24 घंटे बिजली और किसानों की कर्जमाफी जैसे पार्टी के वादों का उल्लेख किया।
पुनीता सिंह ‘खुशबू’ ने लोगों से समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए एकजुट होने की अपील भी की।
‘बहनों की राखी अखिलेश यादव तक पहुंचाने का प्रयास’
सुजीत सिंह यादव ‘साइकिल’ ने कहा कि बहनों द्वारा बांधी गई प्रत्येक राखी उनके लिए बेहद भावनात्मक और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि इन राखियों को सुरक्षित रखकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साह के साथ “मामा-मामी” के नारे लगाए, वहीं महिलाओं ने भी सपा के प्रति अपना समर्थन जताया।
एक सप्ताह तक गांव-गांव पहुंचेगा महोत्सव
आयोजकों के अनुसार समाजवादी PDA रक्षाबंधन महोत्सव एक सप्ताह तक गांव-गांव चलेगा। इस दौरान सपा नेता और महिला पदाधिकारी विभिन्न गांवों में पहुंचकर महिलाओं से राखी बंधवाएंगे और उनका आशीर्वाद लेंगे। साथ ही महिलाओं के साथ संवाद कर सामाजिक सम्मान, एकजुटता और भाई-बहन के रिश्ते की मजबूती का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजक बीडीसी चिंता बिंद और सपा नेत्री उर्मिला यादव रहीं। इस अवसर पर समाजवादी महिला सभा की पदाधिकारी, गांव की प्रमुख महिलाएं, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
बेलसड़ी का यह आयोजन जहां रक्षाबंधन की भावनात्मक डोर से जुड़ा नजर आया, वहीं सपा ने इसे पीडीए समाज के बीच अपने राजनीतिक और सामाजिक संवाद को मजबूत करने के अभियान के रूप में भी पेश किया।

