गाज़ीपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 23 अगस्त 2026 को पुलिस ने व्यापक पैदल गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों ने प्रमुख बाजारों, चौराहों, मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल भ्रमण किया।
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और सुरक्षा का एहसास कराया। वहीं संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर पैनी नजर रखते हुए सघन चेकिंग व तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों की जांच के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की। पुलिस के इस अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा, वहीं असामाजिक तत्वों में हड़कंप का माहौल रहा।
पुलिस का स्पष्ट संदेश: अपराध एवं अराजकता के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

