गाजीपुर। त्योहारों की खुशियां जब जरूरतमंदों के चेहरों की मुस्कान बन जाएं, तो सेवा का उद्देश्य सार्थक हो जाता है। इसी भावना के साथ सोमवार शाम छावनी लाइन, तुलसीपुर में जय मां राजकुमारी सिलाई प्रशिक्षण केंद्र के सहयोग से परख पब्लिक केयर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में साड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्र की 80 जरूरतमंद एवं असहाय महिलाओं को साड़ियां वितरित की गईं।
कार्यक्रम में संस्था की उपाध्यक्ष सीता देवी एवं अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां बांटने और आपसी सहयोग व भाईचारे को मजबूत करने का भी अवसर है। संस्था की ओर से समय-समय पर महिलाओं, गरीबों और जरूरतमंद परिवारों के लिए सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
जय मां राजकुमारी सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की संस्थापक ज्योति पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सहयोग के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई एवं ब्यूटीशियन प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
वहीं, परख पब्लिक केयर ट्रस्ट की संस्थापक विभा पाल ने कहा कि हरियाली तीज एवं रक्षाबंधन के अवसर पर चलाए जा रहे सामाजिक सेवा अभियानों के तहत आगे भी जरूरतमंद महिलाओं और परिवारों की सहायता की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सहयोग और आत्मनिर्भरता के लिए संस्था लगातार प्रयासरत है।
साड़ी प्राप्त करने वाली महिलाओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। महिलाओं ने इस पहल के लिए आयोजकों का आभार जताया और कहा कि त्योहार के अवसर पर मिले इस सम्मान और सहयोग से उन्हें बेहद खुशी हुई है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सामाजिक संस्थाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग, महिला सम्मान और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। आयोजकों ने भी स्पष्ट किया कि जरूरतमंद महिलाओं एवं परिवारों की मदद का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।


