गाजीपुर। जनपद में सूचना संकुल की स्थापना की मांग को लेकर यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मंगलवार को सदर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) एवं तहसीलदार से मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण विषय पर विस्तृत वार्ता की।

बैठक के दौरान पत्रकारों ने जनपद में सूचना संकुल के निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि पत्रकारों की इस बहुप्रतीक्षित मांग को गंभीरता से लिया जा रहा है। तहसीलदार ने बताया कि कुछ संभावित भूमि स्थलों पर प्रशासन स्तर पर कार्य किया जा रहा है और शीघ्र ही लगभग 4000 से 5000 वर्ग फीट भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में जिला सूचना अधिकारी से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा कराया जाएगा, ताकि पत्रकारों को जल्द से जल्द सूचना संकुल की सुविधा उपलब्ध हो सके।

इस अवसर पर यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता के नेतृत्व में विश्व बंधुत्व कमांडर, उपेन्द्र यादव, शशिकांत जायसवाल और सिंहासन सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। पत्रकारों ने प्रशासन के सकारात्मक रवैये का स्वागत करते हुए जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई।