गाज़ीपुर। आज यूनाइटेड मीडिया पत्रकार एसोसिएशन गाजीपुर के पदाधिकारियों ने जिला पूर्ति अधिकारी को एक मांग पत्र के माध्यम से जनहित में मांग की। जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों को देखते हुए घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग हेतु निर्धारित 45 दिन की समय-सीमा को कम करने की मांग तेज हो गई है। जनपद गाज़ीपुर के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में निवास करने वाले उपभोक्ताओं ने इस व्यवस्था को आमजन के हितों के विपरीत बताते हुए इसे तत्काल संशोधित करने की मांग की है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था के तहत घरेलू गैस सिलेंडर की पुनः बुकिंग के लिए लगभग 45 दिनों का इंतजार करना पड़ता है, जिससे गरीब, किसान, मजदूर एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश परिवार अब घरेलू गैस पर निर्भर हो चुके हैं, लेकिन लंबी समय-सीमा के कारण उन्हें मजबूरी में पुनः लकड़ी, उपले और अन्य पारंपरिक ईंधनों का उपयोग करना पड़ रहा है।

इससे न केवल आर्थिक बोझ बढ़ता है, बल्कि महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा पर्यावरण प्रदूषण की समस्या भी बढ़ती है। जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग से मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए निर्धारित 45 दिन की समय-सीमा को घटाकर अधिकतम 25 दिन किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर गैस उपलब्ध हो सके और उन्हें अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके। संगठन के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता के साथ विश्व बंधु कमांडर, उपेन्द्र यादव, सिंहासन सिंह, शशि जायसवाल और कैलाश चौरसिया इत्यादि लोग उपस्थित हो कर ज्ञापन सौंपा।