गाजीपुर – जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में गोआश्रय स्थलों के सम्बन्ध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार (राईफल क्लब) में आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण हेतु चारागाह की भूमि पर हरे चारे की बुवाई की गहन समीक्षा की। बैठक में यह पाया गया कि जनपद की प्रगति अपेक्षित स्तर से कम है, जिस पर जिलाधिकारी ने रोष व्यक्त किया।
उन्होंने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अभियान चलाकर आगामी एक सप्ताह के भीतर चारागाह की भूमि पर नेपियर घास लगवाएँ। साथ ही, विकास खण्ड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर गोआश्रय स्थलों में भूसा, हरा चारा एवं चोकर आदि की व्यवस्था मानक अनुसार सुनिश्चित की जाए। जहाँ हरा चारा उपलब्ध नहीं है, वहां तुरंत साइलज की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने गोवंशों की सुरक्षा को देखते हुए सभी उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को गोआश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण करने के आदेश दिए। इसके अतिरिक्त, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को विकास भवन में कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन गोआश्रय स्थलों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सन्तोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. अरविन्द कुमार शाही, नोडल अधिकारी गोशाला डा. राकेश कुमार गौतम, जनपद के सभी उप जिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत, पशु चिकित्साधिकारी एवं गोआश्रय स्थलों के समस्त नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।


