गाजीपुर। असत्य पर सत्य की विजय का पर्व पूरे जिले में मंगलवार को उल्लासपूर्वक मनाया जाएगा। मौके पर शहर के साथ ही विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में 106 स्थानों पर मेला लगेगा। इसमें सबसे बड़ा मेला शहर के लंका मैदान में लगेगा। यहां 60 फीट का रावण जलाया जाएगा। कई स्थानों पर चल रही रामलीला में रावण वध के साथ ही विजयदशमी की खुशी मनाई जाएगी। इस पर्व की तैयारी के मद्देनजर आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई के साथ ही अन्य व्यवस्था पर्व की पूर्व संध्या तक पूरा कर ली गई।

विजयदशमी के दिन असत्य और बुराई के प्रतीक रावण का वध होता है। भगवान राम उसके पुतले का दहन करते हैं। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शहर के लंका मैदान सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मेले का आयोजन किया जा रहा है। लंका मैदान में शहर सहित विभिन्न ग्रामीणों क्षेत्रों के लोगों की आज शाम को भीड़ उमड़ेगी। इस लम्बे-चौड़े मैदान की स्थिति यह होगी कि जिधर भी नजर जाएगी, उधर मेला देखने पहुंचने वालों की भीड़ दिखाई देगी।

परिवार के लोगों का शाम को चार बजे से घरों से निकलने का क्रम शुरु हो जाएगा। शाम को पांच-छह बजे तक आलम यह हो जाएगा कि मैदान लोगों से भर जाएगा। रामलीला कमेटी की ओर से निर्धारित समय पर भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता रथ पर सवार होकर रावण के विशालकाय पुतला के पास पहुंचेंगे। इसके बाद राम-रावण युद्ध होगा। भगवान श्रीराम द्वारा रावण को मार गिराए जाने के बाद भगवान राम रावण के पुतला को आग के हवाले करेंगे। इसके बाद लोग अपने घरों को प्रस्थान करेंगे। आयोजन स्थलों पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है।