गाजीपुर। आज समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय समता भवन, गाजीपुर में महर्षि वाल्मीकि जी एवं संत शिरोमणि नामदेव जी की जयंती सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के व्यक्तित्व, कृतित्व और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी भारतीय संस्कृति के महान ऋषि एवं रामायण के रचयिता थे, जिन्होंने अपने ज्ञान और साहित्य के माध्यम से समाज को सत्य, मर्यादा तथा नैतिकता का मार्ग दिखाया। उनका जीवन इस बात का प्रेरणादायी उदाहरण है कि मनुष्य अपने ज्ञान, कर्म और संकल्प से महानता प्राप्त कर सकता है। संत शिरोमणि नामदेव जी ने अपनी भक्ति, वाणी और विचारों के माध्यम से समाज में प्रेम, समानता तथा मानवता का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को समान दृष्टि से देखने की प्रेरणा दी। दोनों महापुरुषों का जीवन और उनकी शिक्षाएं आज भी समाज में सद्भाव, सामाजिक न्याय और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं।

सदर विधायक जैकिशन साहू ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी और संत शिरोमणि नामदेव जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। दोनों महापुरुषों ने अपने विचारों और कार्यों से समाज को नई दिशा देने का काम किया। उनके बताए समानता, प्रेम, सद्भाव और मानवता के मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है।

गोष्ठी का संचालन जिला सचिव जयराम भारती ने किया।

इस अवसर पर निजामुद्दीन खान, सुशील जायसवाल, सदानंद यादव, तहसीन अहमद, दिनेश यादव, अमित ठाकुर, गोपाल, बैजनाथ, पवन, हरबंस, सुग्गू, रामाशीष, अशोक, रीना यादव, धन्नू, ममता, धर्मेंद्र सहित अनेक समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।