गाजीपुर। अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक पावन पर्व विजयादशमी के अवसर पर गाजीपुर के लंका मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्व को लेकर मैदान में उत्सव का माहौल रहा। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह प्रमुख रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भव्य मंच पर विराजमान प्रभु श्रीरामचंद्र जी की विधि-विधान से आरती और पूजन कर किया। इस दौरान अधिकारियों ने जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इसके बाद परंपरा और आधुनिक तकनीक के संगम के बीच जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रिमोट से इलेक्ट्रिक बटन दबाकर दशानन रावण के विशाल पुतले का दहन किया। रावण दहन के साथ ही बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया।
विजयादशमी का यह पर्व समाज को सत्य, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश भी इस पर्व के माध्यम से दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने जनपदवासियों को विजयादशमी एवं दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

