भदौरा बॉर्डर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी, आरोपी के खिलाफ गहमर थाने में दर्ज हैं कई मुकदमे

गाजीपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को भदौरा बॉर्डर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंजनी सिंह (50 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय ललिता सिंह, निवासी ग्राम गहमर, पट्टी खेलूराय, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। वह थाना गहमर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 190/2026, धारा 2(b)(1) एवं 3(1), उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत वांछित था।

कई मुकदमे दर्ज होने का पुलिस का दावा

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध गहमर थाने में वर्ष 1995, 1996, 2001, 2025 और 2026 से संबंधित विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं। इनमें भारतीय दंड संहिता, भारतीय न्याय संहिता, एससी/एसटी एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।

अतिरिक्त निरीक्षक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

इस गिरफ्तारी को अतिरिक्त निरीक्षक विजय बहादुर सिंह ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जनपद पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।