महाराजगंज, गाज़ीपुर। क्वार पूर्णिमा के शुभ अवसर पर रविवार को महाराजगंज पोखरे पर विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेच का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि सदर विधायक जैकिशन साहू ने पहलवानों का हाथ मिलाकर दंगल का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती भारत का प्राचीन खेल है। इसे बढ़ावा देने से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
दंगल में एकला के प्रियांशु पहलवान और सरैया के अभिषेक पहलवान के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें अभिषेक ने प्रियांशु को पटकनी देकर जीत हासिल की। वहीं अंधऊ के गोलू पहलवान ने वाराणसी के सूरज पहलवान को पराजित किया। धरवां के पंकज पहलवान और सरैया के सत्यवान पहलवान के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। इसी तरह वाराणसी के धर्मेंद्र पहलवान और शेखपुर छपरा के उमाशंकर पहलवान के बीच कुश्ती भी बराबरी पर समाप्त हुई।
इस अवसर पर रामनगीना पांडेय, आफत यादव, हरिवंश यादव बचनू, राजन यादव, रामसहाय विश्वकर्मा, किशन बिंद, संजय शर्मा, बंटी यादव और लालजी यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। दंगल कमेटी के अध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने अतिथियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

