गाजीपुर। पीएमश्री कंपोजिट विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विज्ञान शिक्षा को और अधिक रोचक एवं प्रयोगात्मक बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। ‘राष्ट्रीय आविष्कार अभियान’ के तहत जिले के पीएमश्री कंपोजिट विद्यालयों में विज्ञान किट उपलब्ध कराई जाएगी।

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने पीएमश्री की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट 2026-27 में विज्ञान किट की खरीद को मंजूरी प्रदान की है। इसके तहत प्रत्येक विज्ञान किट की खरीद के लिए ₹10,000 की स्वीकृत दर से धनराशि जिलों को उपलब्ध कराई जाएगी।

विज्ञान किट की खरीद जेम (GeM) पोर्टल के माध्यम से जनपद स्तर पर की जाएगी। किट में उपलब्ध उपकरणों और सामग्री के जरिए विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के वैज्ञानिक प्रयोग और गतिविधियां करने का अवसर मिलेगा।

इस पहल का उद्देश्य बच्चों में केवल किताबी ज्ञान तक विज्ञान को सीमित न रखकर उन्हें प्रयोग करके सीखने का अवसर देना है। वैज्ञानिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में जिज्ञासा, वैज्ञानिक सोच, प्रयोगात्मक कौशल और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत मिलने वाली विज्ञान किट से विद्यालयों में विज्ञान विषय की पढ़ाई को अधिक व्यावहारिक, रोचक और गतिविधि आधारित बनाने में मदद मिलेगी। इससे विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ने के साथ-साथ उन्हें अपनी जिज्ञासाओं को प्रयोगों के माध्यम से समझने का अवसर भी मिलेगा।

सरकार की यह पहल पीएमश्री विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रयोगशाला आधारित सीखने का अनुभव देने और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।