गाजीपुर। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान और उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश की ओर से बुधवार को जनपद गाजीपुर में जनसंपर्क एवं जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्किट हाउस में राज्य महिला आयोग की सम्मानित सदस्य श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न समस्याओं से जुड़े कुल 17 प्रकरण सामने आए।
आयोग की सदस्य ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का नियमानुसार, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई और निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
जनसुनवाई के बाद श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा बैठक भी आयोजित हुई। बैठक में महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, कल्याण, अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं और बालिकाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी महिला थाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में विकासखंड जखनिया में चौपाल कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीण महिलाओं एवं आमजन को महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
इस दौरान महिलाओं एवं परिवारों को पोषण, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, बाल अधिकार और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
गाजीपुर में आयोजित यह कार्यक्रम महज जनसुनवाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शिकायतों के समाधान, विभागीय जवाबदेही, महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की पहुंच को एक साथ जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। जनसुनवाई और चौपाल के माध्यम से शासन की योजनाओं को सीधे महिलाओं और परिवारों तक पहुंचाने तथा महिला एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

