गाजीपुर। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने और मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर बूंदी लड्डू के कुल चार नमूने संग्रहित किए।

अभियान के दौरान भड़सर शहाबुद्दीनपुर, बिरनो स्थित पप्पू कुमार के प्रतिष्ठान से बूंदी लड्डू का एक नमूना लिया गया। वहीं दुल्लहपुर चौहान मार्केट स्थित बुल्लु यादव के प्रतिष्ठान, जमानिया मोड़ स्थित कन्हैया गुप्ता के प्रतिष्ठान तथा शादियाबाद मोड़, नन्दगंज स्थित संदीप प्रजापति के प्रतिष्ठान मेसर्स गायत्री स्वीट हाउस से भी बूंदी लड्डू के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए।

लैब रिपोर्ट खोलेगी गुणवत्ता की असली तस्वीर

सभी संग्रहित नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारों और राष्ट्रीय पर्वों के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच विभाग की यह कार्रवाई खास मायने रखती है। सवाल सिर्फ मिठाई की गुणवत्ता का नहीं, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य और उनके भरोसे का भी है। ऐसे में प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होने वाली कार्रवाई पर भी लोगों की नजर रहेगी।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में चला अभियान

नमूना संग्रह की कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेन्द्र प्रताप सिंह, गाजीपुर के नेतृत्व में की गई। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचन्द गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनन्जय सिंह, अरविन्द्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमर नाथ शामिल रहे।

विशेष बात यह है कि फिलहाल लिए गए नमूनों की गुणवत्ता पर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इन नमूनों में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।