जखनिया (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर जखनिया तहसील परिसर में लेखपालों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। धरने में सैकड़ों लेखपालों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व तहसील अध्यक्ष उदय प्रताप यादव एवं तहसील मंत्री आशुतोष पांडेय ने किया। वक्ताओं ने कहा कि यदि पति-पत्नी दोनों लेखपाल पद पर कार्यरत हैं तो उनका स्थानांतरण एक ही स्थान अथवा निकटवर्ती क्षेत्र में किया जाना चाहिए, जिससे पारिवारिक एवं सामाजिक दायित्वों का निर्वहन सुचारु रूप से हो सके।

संघ पदाधिकारियों ने संगठन के पदाधिकारियों के स्थानांतरण का विरोध करते हुए कहा कि ऐसे स्थानांतरणों से संगठनात्मक गतिविधियां प्रभावित होती हैं। उन्होंने शासन से स्थानांतरण नीति में आवश्यक संशोधन करने तथा पदाधिकारियों के स्थानांतरण आदेशों पर पुनर्विचार करने की मांग की।

धरने के दौरान लेखपालों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस अवसर पर राकेश यादव, इंद्रमणि यादव, सौरभ सिंह सहित सैकड़ों लेखपाल कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की ओर से अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अनुराग यादव को सौंपा गया और मांगों के शीघ्र समाधान की अपेक्षा व्यक्त की गई।