रेवतीपुर क्षेत्र में रविवार को अति प्राचीन मेला व रामलीला समिति के तत्वावधान में नौली गांव में भव्य चेतक दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस रोमांचक आयोजन में अंतरराज्यीय स्तर के घोड़ों ने भाग लिया, जिससे प्रतियोगिता का आकर्षण और भी बढ़ गया। आयोजक व भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष ललन सिंह ने बताया कि प्रत्येक राउंड में चार घोड़ों को दौड़ाया गया, जिससे मुकाबला बेहद रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक बना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नीरज शेखर व भाजपा युवा नेता पीयूष राय ने फीता काटकर किया। उन्होंने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में खेल और परंपरा को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं भी दीं। भाजपा नेता पियूष राय ने भी प्रतियोगिता को बेहद रोमांचक बताते हुए कहा कि यह आयोजन किसी बड़े घुड़दौड़ प्रतियोगिता से कम नहीं लगा।
प्रतियोगिता के परिणामों में प्रथम स्थान अजय सिंह (इटाड़ी, बक्सर) के घोड़े ‘वीर’ ने हासिल किया, जिसके सवार रिजवान रहे। द्वितीय स्थान इंद्रपाल सिंह (जमानिया) के घोड़े ‘राजा’ को मिला, जबकि तृतीय स्थान हवलदार यादव ने प्राप्त किया।
इस आयोजन में समिति के अध्यक्ष ललन सिंह के साथ संरक्षक आनंद सिंह, निर्णायक आनंद सिंह और संचालनकर्ता सुधीर सिंह गहमरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान लाल बहादुर सिंह, रामविलास सिंह, श्री स्वीट प्रोपराइटर संतोष जायसवाल डब्लू, अरविंद सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, बैरिस्टर सिंह, जमशेद राईनी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ ने आयोजन को सफल और यादगार बना दिया।

