गाजीपुर । माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद गाजीपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 09 मई 2026 को किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायालय गाजीपुर के साथ-साथ वाह्य न्यायालय सैदपुर व मुहम्मदाबाद तथा ग्राम न्यायालय जखनियां और जमानियां सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों में संपन्न होगा।

इस संबंध में गुरुवार को जनपद न्यायालय गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-01 एवं नोडल अधिकारी, लोक अदालत गाजीपुर शक्ति सिंह ने की। प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक वादों के निस्तारण को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर के पूर्णकालिक सचिव नीरज गोंड ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व की भांति इस बार भी विभिन्न प्रकार के मामलों—जैसे उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे व लघु आपराधिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा-138 एनआई एक्ट, स्टाम्प एवं पंजीयन वाद, मोटर दुर्घटना वाद, चकबंदी, श्रम, उपभोक्ता फोरम, कराधान, बिजली चोरी आदि—का निस्तारण सुलह-समझौता व मध्यस्थता के माध्यम से किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वैवाहिक विवादों को भी परिपक्व कर अधिकाधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को त्वरित और सुलभ न्याय मिल सके। इस बार लक्ष्य है कि पिछली लोक अदालतों की तुलना में अधिक वादों का निपटारा किया जाए।

बैठक में 09 मई को आयोजित होने वाली लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिकतम मामलों के समाधान हेतु विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर सूचना विभाग के आमिर अंसारी सहित जनपद के कई वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।