पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं और अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो, उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान ने दिए सख्त निर्देश

गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला रायफल क्लब में ERO-NET के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वेद सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी डिजिटल कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग से प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर एवं उप जिलाधिकारी जखनियां अतुल कुमार ने अधिकारियों को ERO-NET पोर्टल के विभिन्न पहलुओं, कार्यप्रणाली तथा निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के डिजिटल प्रबंधन के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि पोर्टल के माध्यम से निर्वाचन संबंधी कार्यों को समयबद्ध, प्रभावी और पारदर्शी तरीके से संपादित किया जा सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 की ऑनलाइन प्राप्ति, जांच और समयबद्ध निस्तारण की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, अपात्र नामों को हटाने तथा आवश्यक संशोधन करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए ERO-NET के सही उपयोग की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में स्थान न पाए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों में पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता बरतने पर जोर देते हुए चेतावनी दी कि मतदाता सूची के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

कार्यक्रम में सहायक निर्वाचन अधिकारी देवी प्रसाद सिंह, ईडीएम विनय सिंह सहित जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।