पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी, छठ घाटों पर स्वच्छता और सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद के समस्त नागरिकों को दीपावली, छठ पूजा एवं भैया दूज के पावन पर्व पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि प्रकाश, आस्था और खुशियों के ये पर्व जनपद के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली लेकर आएं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग इन पावन त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाएं। त्योहारों की खुशियां साझा करते हुए एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें तथा सामाजिक एकता और पारस्परिक सहयोग की परंपरा को मजबूत बनाएं।
उन्होंने दीपावली के अवसर पर पटाखों का प्रयोग सावधानीपूर्वक एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप करने की अपील की। विशेष रूप से बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का ध्यान रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की सलाह दी। वहीं छठ पूजा के दौरान घाटों एवं जलाशयों पर स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने का आग्रह किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनपदवासी प्रशासन का सहयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं गरिमामय ढंग से मनाएं।
उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव के प्रतीक हैं। इन पर्वों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होगी, जब समाज का प्रत्येक वर्ग प्रेम, सम्मान और भाईचारे के साथ उत्सव में सहभागी बने।
अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से पुनः अपील की कि त्योहारों की खुशियां सभी के साथ साझा करें और गाजीपुर की गंगा-जमुनी तहजीब एवं सामाजिक सौहार्द की गौरवशाली परंपरा को और अधिक मजबूत बनाएं।

