गाजीपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत भुड़कुड़ा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मारपीट, धमकी और जानलेवा हमले से संबंधित मुकदमे में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार 07 नवंबर 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार गुप्ता अपनी हमराह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान थाना भुड़कुड़ा में पंजीकृत मुकदमा संख्या 266/26, धारा 109(1), 352 एवं 351(3) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त आकाश यादव को अलीपुर मदरा पनिक्सा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आकाश यादव (करीब 19 वर्ष), पुत्र राजेश यादव, निवासी ग्राम गौरा खास, थाना भुड़कुड़ा, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना भुड़कुड़ा में पूर्व में भी मुकदमा संख्या 76/26 के तहत धारा 115(2), 352 एवं 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज है। वहीं, वर्तमान मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार गुप्ता मय हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे।