शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए गए निर्देश
गाजीपुर। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से जनपद की सभी सातों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न तहसीलों में फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित कुल 302 प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए, जिनमें से 30 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, तहसील सदर में 25 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 04 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सैदपुर में 31 शिकायतों में से 02, जमानियां में 57 शिकायतों में से 05 तथा सेवराई तहसील में प्राप्त 60 प्रार्थना पत्रों में से 07 का तत्काल निस्तारण किया गया।
इसी क्रम में तहसील मोहम्मदाबाद में 25 शिकायतों में से 04, जखनियां में 76 शिकायतों में से 04 तथा कासिमाबाद तहसील में प्राप्त 28 प्रार्थना पत्रों में से 04 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान संबंधित उपजिलाधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को प्रशासन तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराकर उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

