गाजीपुर से उर्फी रिज़वी की रिपोर्ट 
 त्योहारों को लेकर गाजीपुर पुलिस अलर्ट, बहरियाबाद के सर्राफा बाजार में अधिकारियों ने किया पैदल गश्त; व्यापारियों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा


गाजीपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने तथा जनपद में मजबूत कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गाजीपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के कुशल निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सैदपुर ने थाना प्रभारी बहरियाबाद के साथ भारी पुलिस बल लेकर कस्बा बहरियाबाद और सर्राफा बाजार में पैदल गश्त की।

पुलिस अधिकारियों का यह रूट मार्च बहरियाबाद कस्बा, मुख्य रायपुर मार्केट, सर्राफा बाजार सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और खरीदारी को देखते हुए अधिकारियों ने सर्राफा कारोबारियों, दुकानदारों एवं आम राहगीरों से सीधे संवाद किया। उन्होंने व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

अधिकारियों ने सर्राफा बाजार के दुकानदारों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे अपनी दुकानों के बाहर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू हालत में रखें, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध हो सकें।

इसके साथ ही बाजारों में जाम की समस्या से निपटने के लिए स्थानीय पुलिस को सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

गाजीपुर पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य त्योहारों के दौरान आमजन, व्यापारियों और बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लगातार प्रभावी रखी जाएगी।