459 ग्राम हेरोइन, आईफोन और मारुति ऑल्टो कार बरामद; नोनहरा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क में मचा हड़कंप

गाजीपुर। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नोनहरा पुलिस और एएनटीएफ थाना गाजीपुर की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 459 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मारुति सुजुकी ऑल्टो कार समेत अन्य सामान भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कृष्णा कुमार दूबे (26 वर्ष) पुत्र विपिन दूबे निवासी अपकारी गली, वार्ड नंबर 33, कस्बा डुमरांव, थाना डुमरांव, जनपद बक्सर, बिहार के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी 1 नवंबर 2026 को थाना नोनहरा क्षेत्र के एकडगवा-सुसुण्डी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे अंडरपास के पास से की गई।

तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 459 ग्राम अवैध हेरोइन, एक आईफोन, एक पर्स, दो एचडीएफसी बैंक कार्ड, एक अन्य कार्ड और 350 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अतिरिक्त तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मारुति सुजुकी ऑल्टो कार भी पुलिस ने जब्त की है।

पूछताछ में सामने आया तस्करी का नेटवर्क

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि उसे यह हेरोइन यशवंत पुत्र अज्ञात निवासी कथरिया, थाना नरही, जनपद बलिया ने उपलब्ध कराई थी। उसे निर्देश दिया गया था कि थाना नोनहरा क्षेत्र के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर एक व्यक्ति मिलेगा। व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क और निर्देश मिलने के बाद उसे हेरोइन सौंपनी थी और बदले में मिलने वाली रकम आपस में बांटनी थी।

हालांकि, निर्धारित स्थान पर पहुंचने से पहले ही संयुक्त पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में तस्करी से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं। अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

इस मामले में थाना नोनहरा पर मु0अ0सं0 337/2026 के तहत धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य संभावित सहयोगियों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।

इस संयुक्त कार्रवाई में थानाध्यक्ष नोनहरा विवेक कुमार तिवारी मय हमराह पुलिस टीम तथा एएनटीएफ थाना गाजीपुर के प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र नाथ सिंह अपनी टीम के साथ शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई को जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के अभियान की महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।