भाजपा सरकार पर जमकर बरसीं संगीता गुप्ता, बोलीं- महिलाओं की सुरक्षा और व्यापारियों के हितों की रक्षा में विफल सरकार

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में सोमवार, 2 नवंबर को पार्टी कार्यालय डॉ. लोहिया-मुलायम सिंह यादव भवन में समाजवादी महिला सभा की नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संगीता गुप्ता के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।

स्वागत से अभिभूत नवनियुक्त जिलाध्यक्ष संगीता गुप्ता ने अपने मनोनयन के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा और विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। संगठन को मजबूत बनाने के साथ ही महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करेंगी।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन महिलाओं के साथ आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सरकार के 'बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ' नारे को धरातल पर विफल बताते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों का सम्मान एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने में भाजपा सरकार नाकाम साबित हुई है।

संगीता गुप्ता ने व्यापारियों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि सरकार की कारोबार विरोधी नीतियों से व्यापारी समाज परेशान है। छोटे कारोबारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, जबकि चंद औद्योगिक घरानों को फायदा पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में व्यापारी समाज भाजपा सरकार की नीतियों का जवाब देगा।

कार्यक्रम में विधायक जै किशन साहू ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि संगीता गुप्ता के नेतृत्व में समाजवादी महिला सभा का संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश और प्रदेश सामाजिक अराजकता तथा बदइंतजामी का शिकार हो गए हैं। सरकार विकास का केवल प्रचार कर रही है, जबकि धरातल पर स्थिति इसके विपरीत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और स्वास्थ्य एवं शिक्षा सेवाएं बदहाल हैं। अस्पतालों में इलाज और दवाओं की उपलब्धता को लेकर आम जनता परेशान है। अपराध, हत्या और लूट की घटनाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों में आम जनता के बुनियादी सवालों के बजाय पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, सांसद प्रतिनिधि बलिराम पटेल, मुहम्मदाबाद चेयरमैन मो. रईस खां, सीमा यादव, शौर्या सिंह, आशा यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. नन्हकू यादव, गोवर्धन यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, रविन्द्र प्रताप यादव, फेंकू यादव, सुशील जायसवाल, रामकृत यादव, अमित ठाकुर, अजय यादव, सूरज राम बागी, रविन्द्र यादव, वीरेंद्र यादव, राजेंद्र यादव, अभिनव सिंह, सुभाष यादव, डॉ. समीर सिंह, बांबी चौधरी, अनिल यादव, अमन जायसवाल, कमलेश यादव, सुनीता यादव, कंचन रावत, रीता विश्वकर्मा, बिंदुबाला बिंद, पंकज यादव एवं शिवशंकर यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।