अदिलाबाद तिराहे पर चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी, आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज

गाजीपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुहम्मदाबाद पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में बरामद मोटरसाइकिल प्रयागराज से चोरी किए जाने की बात सामने आई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार 02 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक मुहम्मदाबाद विजय प्रताप सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अदिलाबाद तिराहे के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर जांच की गई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। जांच-पड़ताल में मोटरसाइकिल चोरी की होने की जानकारी सामने आने पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंकुश प्रजापति पुत्र विग्गन प्रजापति, निवासी ग्राम अवथही, थाना भांवरकोल, जनपद गाजीपुर, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि उक्त पल्सर मोटरसाइकिल प्रयागराज जनपद के थाना कैंट क्षेत्र अंतर्गत प्रेमनगर स्थित सीडीए पेंशन कार्यालय के पास से चोरी की गई थी।

इस मामले में थाना मुहम्मदाबाद पर मु0अ0सं0 348/2026 के तहत धारा 317(2)/317(1) बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह एवं उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार सहित थाना मुहम्मदाबाद की पुलिस टीम शामिल रही।

चोरी के वाहनों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप है। जनपद पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार चेकिंग और अभियान चलाया जा रहा है।