गाजीपुर से उर्फी रिज़वी की रिपोर्ट 
गाजीपुर। युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उनमें रचनात्मकता, कला एवं सांस्कृतिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा कल्याण विभाग गाजीपुर की ओर से 3 नवंबर 2026 को जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। विकसित भारत युवा यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 के कल्चरल ट्रैक (राष्ट्रीय युवा उत्सव) के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम की थीम 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' रखी गई है।

यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से पीजी कॉलेज, गाजीपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत द्वारा किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से जिले के युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

युवा उत्सव में कुल पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक (समूह), पेंटिंग एवं कविता लेखन शामिल हैं। लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के प्रत्येक समूह में अधिकतम 10 प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।

इस जनपद स्तरीय आयोजन में सभी विकास खंडों के साथ-साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा शासकीय एवं अर्धशासकीय शिक्षण संस्थानों के युवा एवं कलाकार प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवाओं के लिए My Bharat Portal पर पंजीकरण कराना अनिवार्य किया गया है।

प्रतिभागियों की आयु 17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पंजीकरण एवं नामांकन के समय प्रतिभागियों को हाईस्कूल प्रमाण-पत्र, बैंक पासबुक और आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य होगा।

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मंडल स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।

युवा कल्याण विभाग की इस पहल से जनपद के प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा। साथ ही नशामुक्ति का संदेश युवाओं तक पहुंचाने और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।