गाजीपुर। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने और फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों के चयन के लिए 3 नवंबर 2026 को ई-लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

कृषि विभाग की ओर से संचालित प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजना एवं सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए यह प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी, गाजीपुर की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा 3 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से विकास भवन सभागार में ई-लॉटरी का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से पात्र किसानों का पारदर्शी तरीके से चयन किया जाएगा।

लाभार्थियों के चयन के बाद किसानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्धारित मानकों के अनुरूप कृषि यंत्र खरीदने की स्वतंत्रता होगी। किसान पोर्टल पर पंजीकृत किसी भी यंत्र निर्माता से संबंधित कृषि यंत्र खरीद सकेंगे।

विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि चयनित लाभार्थी को कृषि यंत्र की कुल कीमत की 50 प्रतिशत धनराशि का भुगतान स्वयं अथवा अपने रक्त संबंधी के बैंक खाते से हस्तांतरित करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही खरीदे गए कृषि यंत्र का बिल निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करना होगा। ऐसा नहीं करने की स्थिति में जमा टोकन मनी अथवा जमानत धनराशि जब्त कर ली जाएगी।

जिला कृषि अधिकारी ने ई-लॉटरी के लिए बुकिंग कराने वाले समस्त किसान भाइयों से निर्धारित तिथि एवं समय पर विकास भवन सभागार में उपस्थित होकर प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसानों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा।

ई-लॉटरी की तिथि: 3 नवंबर 2026
समय: पूर्वाह्न 11 बजे
स्थान: विकास भवन सभागार, गाजीपुर।