गाजीपुर। प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर गाजीपुर की बेटी शिवांगी मौर्य ने खेल जगत में जिले का नाम रोशन किया है। मुरादाबाद में आयोजित 70वीं प्रदेशीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्री अलगू यादव इंटर कॉलेज की कक्षा 11वीं की छात्रा शिवांगी ने दूसरा स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, खेल प्रेमियों और जिले में खुशी का माहौल है।
लगातार तीन वर्षों से प्रदेशीय टीम में बनाई जगह
शिवांगी मौर्य की सफलता के पीछे उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और क्रिकेट के प्रति समर्पण है। वह लगातार तीन वर्षों से प्रदेशीय क्रिकेट टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रही हैं। वर्ष 2024 में मैनपुरी, 2025 में कानपुर और वर्ष 2026 में मुरादाबाद में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। लगातार तीन वर्षों तक प्रदेशीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराना उनकी मेहनत और लगन को दर्शाता है।
घर पहुंचीं तो तिलक लगाकर और आरती उतारकर हुआ स्वागत
प्रतियोगिता से मेडल जीतकर घर लौटीं शिवांगी का परिजनों ने तिलक लगाकर और आरती उतारकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान घर में खुशी और भावुकता का माहौल रहा। स्वागत के समय सावित्री देवी भावुक हो उठीं। परिवार के लिए शिवांगी की यह उपलब्धि गर्व और खुशियों से भरा यादगार पल बन गई।
शिवांगी के पिता राजकुमार मौर्य समाजसेवी हैं और वंचित समुदायों के अधिकारों तथा सामाजिक न्याय के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाते हैं। शिवांगी की उपलब्धि ने परिवार के सम्मान के साथ ही समाज में बेटियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और क्षमता का संदेश भी दिया है।
क्रिकेट कोच रंजन सिंह ने दी बधाई
शिवांगी गाजीपुर स्थित क्रिकेट परफॉर्मेंस सेंटर, सहजानंद के मैदान में अभ्यास करती हैं। उनकी सफलता पर क्रिकेट कोच रंजन सिंह ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने शिवांगी को प्रतिभावान खिलाड़ी बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण उन्हें भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की दिशा में आगे ले जा सकता है।
बेटियों के सपनों को मिली नई उड़ान
शिवांगी मौर्य की यह उपलब्धि महज एक सिल्वर मेडल तक सीमित नहीं है, बल्कि उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने का सपना देखती हैं। उनकी सफलता संदेश देती है कि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ बेटियां भी प्रदेश और देश के स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं।
लगातार तीन वर्षों तक प्रदेशीय टीम में जगह बनाने और इस वर्ष सिल्वर मेडल हासिल करने वाली शिवांगी मौर्य ने गाजीपुर का मान बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि से जिले की उभरती महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने की नई प्रेरणा मिली है।
गाजीपुर की इस होनहार बेटी को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

