गाजीपुर। जनपद के राजकीय पॉलीटेक्निक गाजीपुर में 60 सीटेड पुरुष छात्रावास का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद 28 अक्टूबर 2026 को मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया, जिसे संतोषजनक पाया गया। इसके साथ ही उन्होंने संस्था परिसर में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने AICTE मानकों के अनुरूप निर्मित किए जा रहे नए भवन की प्रगति और गुणवत्ता का अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त टाटा की ओर से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस योजना के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा कार्यों को बेहतर ढंग से पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
जनगणना प्रशिक्षण व्यवस्था का भी किया अवलोकन
राजकीय पॉलीटेक्निक गाजीपुर में जनगणना कार्य के लिए कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षण व्यवस्था का भी अवलोकन किया और संबंधित कार्मिकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने प्रशिक्षण कार्य को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने संस्था में पठन-पाठन व्यवस्था का निरीक्षण किया और शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों के साथ-साथ शिक्षण व्यवस्था की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर संस्था के प्रधानाचार्य श्री विवेक कुमार, व्याख्याता डॉ. सौरभ पाठक, श्री राजेंद्र कुमार यादव, श्री सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं, कार्यदायी संस्था UPRNSS, वाराणसी के परियोजना प्रबंधक तथा अन्य संबंधित प्रतिनिधि भी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।

