गाजीपुर। जनपद में ₹50 लाख से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में रविवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं के अधिशासी अभियंताओं (एक्सईएन) एवं प्रतिनिधियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में कार्य की गति धीमी है, वहां आवश्यकतानुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा किया जा सके। उन्होंने सभी कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान फूड हाउसिंग योजना की टेंडर प्रक्रिया, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मनिहारी, जिला कारागार, कंपोजिट विद्यालयों तथा जल जीवन मिशन ग्रामीण के अंतर्गत पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही सड़क निर्माण एवं मरम्मत, नगर पंचायत सैदपुर में पेयजल व्यवस्था के पुनर्गठन, सेतु निर्माण निगम के अंतर्गत पुल निर्माण और राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से संबंधित परियोजनाओं की स्थिति पर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति का आकलन करते हुए कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो और निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।
गो संरक्षण केंद्र में बिजली कनेक्शन और पेयजल आपूर्ति पर विशेष निर्देश
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने मरदह स्थित गो संरक्षण केंद्र में शीघ्र विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया। वहीं, संबंधित अधिशासी अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति का सत्यापन करने तथा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया।

