‘‘कैच-अप कराओ, निपुण बनाओ‘‘ अभियान के तहत 2 व 3 नवंबर को आयोजित होगा एंडलाइन असेसमेंट टेस्ट- मुख्य विकास अधिकारी
गाजीपुर। जनपद के प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी शिक्षा को सुदृढ़ करने एवं शत-प्रतिशत बच्चों को निपुण बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘‘कैच-अप कराओ, निपुण बनाओ‘‘ अभियान के अंतर्गत आगामी 2 एवं 3 नवंबर को जनपद के 810 चिन्हित विद्यालयों में एंडलाइन असेसमेंट टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी गाजीपुर आलोक प्रसाद द्वारा शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि निपुण भारत मिशन के तहत जनपद के 810 विद्यालयों में बच्चों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने हेतु यह विशेष अभियान निरंतर गतिमान है। पूर्व में 5 और 6 अक्टूबर को ‘‘निपुण ऐप‘‘ के माध्यम से बेसलाइन असेसमेंट टेस्ट संपन्न कराया गया था, जिसके उपरांत समस्त शिक्षकों द्वारा वर्कशीट व अन्य शिक्षण सामग्रियों के माध्यम से छात्रों पर विशेष ध्यान देकर उपचारात्मक शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। उसी क्रम में अब 2 और 3 नवंबर को ‘‘निपुण प्लस ऐप‘‘ (NIPUN$ App ) के माध्यम से ‘‘निपुण लक्ष्य आधारित आकलन‘‘ के तहत एंडलाइन असेसमेंट टेस्ट आयोजित किया जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी प्रमुख निर्देश- शत-प्रतिशत उपस्थिति व मूल्यांकन- विद्यालयों में नामांकित 100ः छात्र-छात्राओं का एंडलाइन असेसमेंट टेस्ट अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। पूर्ण पारदर्शिता एवं सटीकता- समस्त शिक्षक निष्पक्षता एवं पूर्ण यथार्थता के साथ निपुण प्लस ऐप पर बच्चों का वास्तविक मूल्यांकन दर्ज करें। डेटा की प्रामाणिकता से कोई समझौता न हो। राज्य स्तरीय बाह्य मूल्यांकन की तैयारी- आगामी 20 दिसंबर के पश्चात राज्य स्तर से स्वतंत्र बाह्य मूल्यांकन (Actual ExternalAssessment ) की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। अतः शिक्षक अभी से गुणवत्ता सुधार और बच्चों को दक्ष बनाने पर निरंतर कार्य करें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर ने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों, एआरपी एवं प्रधानाध्यापकों/शिक्षकों को निर्देशित किया है कि वे पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ 2 व 3 नवंबर के एंडलाइन असेसमेंट को सकुशल, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करें।

