गाजीपुर। बढ़नपुरा क्षेत्र के लोगों और राहगीरों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बढ़नपुरा पुल के निर्माण कार्य को हरी झंडी दे दी है। परियोजना निदेशक, NHAI आजमगढ़ द्वारा इसकी जानकारी दी गई है।
स्वीकृत परियोजना के तहत 2-लेन + पेव्ड शोल्डर वाला नया पुल बनाया जाएगा। मौजूदा संकरे पुल के कारण आए दिन यातायात प्रभावित होने और आवागमन में परेशानी की स्थिति को देखते हुए यह निर्माण महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नए पुल के निर्माण के बाद वाहनों के आवागमन में सुगमता आने की उम्मीद है। साथ ही सड़क सुरक्षा बेहतर होगी और संकरे पुल के कारण होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं में भी कमी आएगी।
NHAI के अनुसार, मानसून अवधि समाप्त होने के बाद 01 अक्टूबर 2026 से पुल निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। निर्माण को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
NHAI ने जून 2027 तक नए पुल का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऐसे में यदि निर्माण तय समयसीमा के अनुसार पूरा होता है, तो अगले साल गर्मी तक बढ़नपुरा क्षेत्र को एक नए और अधिक सुरक्षित पुल की सौगात मिल सकती है।
लंबे समय से बेहतर आवागमन की उम्मीद लगाए लोगों के लिए NHAI की यह मंजूरी बड़ी राहत मानी जा रही है।

