गाजीपुर। यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से 07 सितंबर 2026 को जनपद के सभी थानों में व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चले इस अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, पूरे जनपद में 549 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 155 वाहनों को सीज किया गया।
हेलमेट से लेकर काली फिल्म तक कार्रवाई
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा वाहनों के शीशों पर नियम विरुद्ध काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया।
पुलिस टीमों ने करीब 50 वाहनों को मौके पर रोककर शीशों से काली फिल्म उतरवाई और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
सैदपुर में सबसे ज्यादा चालान, कासिमाबाद में सर्वाधिक वाहन सीज
थाना-वार आंकड़ों के मुताबिक सैदपुर में सर्वाधिक 65 वाहनों का चालान किया गया। वहीं कासिमाबाद में सबसे अधिक 19 वाहन सीज किए गए। इसके बाद सैदपुर में 15 और दुल्लहपुर में 12 वाहन सीज किए गए।
पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना भी है। जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहने की बात कही गई है।

