लेवल-10 से लेवल-11 में हुआ प्रमोशन, प्राचार्य और आईक्यूएसी टीम के प्रयासों की सराहना

गाजीपुर। पीजी कॉलेज मलिकपुरा के चार प्राध्यापकों की शैक्षणिक पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी होने पर महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। लेवल-10 से लेवल-11 में पदोन्नति पाने वाले प्राध्यापकों की इस उपलब्धि को महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रगति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


पदोन्नति पाने वालों में राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. शिव प्रताप यादव, मनोविज्ञान विभाग की डॉ. पूजा साहू, हिंदी विभाग के डॉ. अनुज प्रताप सिंह और समाजशास्त्र विभाग के डॉ. दीपक यादव शामिल हैं। चारों प्राध्यापकों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी।


पदोन्नति की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कराने में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दिवाकर सिंह और आईक्यूएसी प्रभारी प्रो. चंद्रभान सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में आईक्यूएसी की टीम ने आवश्यक अभिलेखों और प्रक्रियागत औपचारिकताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराया। टीम के समन्वित प्रयासों से पदोन्नति की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।


इस अवसर पर पदोन्नति प्राप्त प्राध्यापकों ने प्राचार्य, आईक्यूएसी प्रभारी और पूरी टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संस्थान में बेहतर नेतृत्व, सहयोग और सकारात्मक कार्यसंस्कृति से शिक्षकों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।


महाविद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि पदोन्नति से प्राध्यापकों का उत्साह और बढ़ेगा तथा वे अपने अनुभव, ज्ञान और शिक्षण कौशल से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन देने के साथ महाविद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में योगदान देंगे।