गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहांव गांव स्थित पासीपुरवा में सोमवार की देर रात जुआ खेलने के दौरान गोली चलने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे पासीपुरवा में तालाब के पास आठ से दस लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान ग्राम सभा बकराबाद के प्रधान संजय बिन्द पुत्र फिरंगी अपने दो-तीन साथियों के साथ वहां पहुंचे और जुआ खेलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान संजय बिन्द ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी। गोली लगने से सुरेंद्र पुत्र बिरजू राम के दाहिने हाथ में तथा अजय कुमार पुत्र ओमप्रकाश के पेट के बाईं तरफ चोट आई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। पुलिस की ओर से मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।