गाजीपुर। दीपावली के पावन अवसर पर दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा, हुनर और आत्मनिर्भरता का अनूठा संगम देखने को मिला। समर्पण संस्था, शास्त्री नगर गाजीपुर के तत्वावधान में राजेश्वरी विकलांग विद्यालय एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र के दिव्यांग बच्चों द्वारा हस्तनिर्मित वस्तुओं की आकर्षक प्रदर्शनी एवं दीपावली मेले का आयोजन कचहरी स्थित सरजू पांडे पार्क में किया गया। मेले में बच्चों के हुनर से तैयार आकर्षक वस्तुओं ने आगंतुकों का मन मोह लिया।

मेले का शुभारंभ सीआरओ श्री सुनील कुमार त्रिवेदी ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद उन्होंने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और दिव्यांग बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार की गई कलात्मक वस्तुओं को देखकर भावविभोर हो उठे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुनील कुमार त्रिवेदी ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन बच्चों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से जो वस्तुएं तैयार की हैं, वे समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण हैं। दिव्यांगता किसी की प्रतिभा और क्षमता में बाधा नहीं बन सकती। इन बच्चों का हुनर समाज के सामने एक आईना है। उन्होंने बच्चों को प्रशिक्षित करने वाले शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके समर्पण की सराहना की। मुख्य अतिथि ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए मेले से हस्तनिर्मित वस्तुओं की खरीदारी भी की।

विशिष्ट अतिथि जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी श्री पारस नाथ यादव ने भी मेले के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और बच्चों की रचनात्मकता, मेहनत एवं कलात्मक कौशल की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

मेले का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा तैयार किए गए फ्लावर दीपक, रंगीन दीपक, गुलदस्ते, टेडी बियर, स्टैंड दीपक, पूजा की थाली, पेंटिंग, चादर, तोरण द्वार, स्कार्फ, रुमाल, चम्मच की दीवार हैंगिंग, मटका गुलदस्ता, मटका स्टैंड और शो लैंप सहित अनेक आकर्षक सजावटी एवं उपयोगी वस्तुएं रहीं। इन उत्पादों के माध्यम से बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर सुखवीर एग्रो एनर्जी, फतेहुल्लाहपुर गाजीपुर के एचआर श्री हेमांक यादव अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे। संस्था की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार किए गए स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समर्पण संस्था की संरक्षिका सुश्री सविता सिंह ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगी। बच्चों को हुनरमंद बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने जनपदवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

मेले में श्री अशोक कुमार यादव, श्री अजीत कुमार गुप्ता, श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, श्रीमती रागिनी सिंह, श्रीमती सुमित्रा सिंह, श्री राजेश कुमार, श्री जालंधर जी, श्री प्रभुनाथ जी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों की सक्रिय सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री अमरनाथ गुप्ता ने किया।

यह मेला केवल दीपावली की खरीदारी का आयोजन नहीं, बल्कि दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को पहचान दिलाने, उन्हें प्रोत्साहित करने और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाने का सराहनीय प्रयास साबित हुआ।