1300 से अधिक युवाओं ने लिया प्रतिभाग, ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह ने फीता काटकर किया रोजगार मेले का शुभारंभ
गाजीपुर। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत सैदपुर में विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय एवं मोती लाल पीजी कॉलेज, सैदपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रोजगार मेले में युवाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। मेले में 1300 से अधिक युवाओं ने रोजगार पाने के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें से 523 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह ने फीता काटकर रोजगार मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इसके पश्चात उप जिलाधिकारी सैदपुर ज्योति चौरसिया, जिला पंचायत सदस्य अभय प्रकाश सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह तथा मोती लाल पीजी कॉलेज के प्रबंध निदेशक मोती लाल यादव सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया।
मंच संचालन करते हुए जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने सेवायोजन विभाग की ओर से संचालित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आगामी 5 नवंबर 2026 को विधानसभा क्षेत्र जखनियां में आयोजित होने वाले रोजगार मेले की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने युवाओं को संबोधित करते हुए रोजगार के लिए आवश्यक नेतृत्व क्षमता, कौशल विकास और आत्मविश्वास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आउटसोर्सिंग पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध रोजगार के अवसरों तथा विदेशों में भर्ती की संभावनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को सफलता के उदाहरणों के माध्यम से प्रेरित करते हुए अपने कौशल को निरंतर विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि राजन सिंह ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा अपनी कार्यक्षमता और प्रतिभा को पहचानकर नए अवसरों को अपनाने के लिए आगे आएंगे। उन्होंने युवाओं से निरंतर सीखने, मेहनत करने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को मंच पर ऑफर लेटर वितरित किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
523 युवाओं को ऑफर लेटर मिलना सैदपुर रोजगार मेले की बड़ी उपलब्धि रही। इस आयोजन ने क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

