गाजीपुर। आज समाजवादी पार्टी गाजीपुर की जिला कमेटी की बैठक जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, मतदाता सूची पुनरीक्षण तथा किसानों की समस्याओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण राजनीतिक एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में विचार व्यक्त करते हुए जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी को मिली ऐतिहासिक विजय पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं, नेताओं एवं समर्थकों के अथक परिश्रम, संघर्ष और एकजुटता का परिणाम है। इस विजय के लिए मैं पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, नौजवानों एवं मतदाताओं के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने वाली है और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भी इसी एकजुटता, समर्पण और मेहनत के साथ समाजवादी पार्टी को ऐतिहासिक सफलता दिलाने का संकल्प लेना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत एसएसआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के अंतर्गत मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का कार्य कराया जा रहा है। आयोग द्वारा निर्धारित 21 एवं 22 नवंबर तथा 28 एवं 29 नवंबर की तिथियों पर सभी पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, बीएलए, सेक्टर एवं जोनल प्रभारी अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूचियों की गंभीरता से जांच करें। जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल होने से छूट गए हैं, उनके नाम जुड़वाने, अपात्र एवं फर्जी नामों को नियमानुसार हटवाने तथा मतदाताओं के नाम, पते एवं अन्य विवरणों में हुई त्रुटियों को संशोधित कराने का कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ करें। इस अभियान में जिला, विधानसभा, ब्लॉक, नगर एवं पार्टी के सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।

गोपाल सिंह यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति और आम जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और किसानों, नौजवानों तथा आम नागरिकों की समस्याओं के प्रति सरकार की उदासीनता चिंताजनक है। सरकार को केवल दावों और घोषणाओं तक सीमित न रहकर जनता को सुरक्षा, न्याय और बेहतर प्रशासन उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। लोकतंत्र में सरकार की जवाबदेही जनता के प्रति होती है और जनसमस्याओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

बैठक में विगत दिनों हुई चक्रवाती वर्षा एवं प्रतिकूल मौसम के कारण गाजीपुर जनपद में किसानों की धान की फसल को हुए भारी नुकसान पर चिंता व्यक्त की गई। जिला अध्यक्ष ने जिला प्रशासन से मांग की कि प्रभावित गांवों में तत्काल निष्पक्ष सर्वेक्षण कराकर फसल क्षति का आकलन किया जाए तथा प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा एवं क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जाए, जिससे किसानों को आर्थिक संकट से राहत मिल सके।

बैठक का संचालन जिला महासचिव कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया

बैठक में सर्वश्री पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, पूर्व जिला अध्यक्ष रामधारी यादव, सुदर्शन यादव, डॉ. ननकू यादव, निजामुद्दीन खान, अशोक बिंद, रविंद्र प्रताप यादव, मुन्नीलाल राजभर, सर्वेश पाल, रामबचन यादव, संगीता गुप्ता, अमित ठाकुर, कमलेश यादव, सुनील जितेन्द्र भारती,आजाद राय, राजेश यादव, आजाद कनौजिया, रमेश, जयराम भारती, रामधीरज शास्त्री, डॉ. समीर सिंह, रीता विश्वकर्मा, डॉ. सीमा यादव, कंचन रावत, सुषमा बिंद, मदन यादव, डॉ. संजय कनौजिया, धर्मचंद एडवोकेट, आत्मा यादव, वर्षा यादव, बलिराम, रामदास बनवासी, श्रीराम, रंजीत यादव, जयराम, राजेश गौड़, पप्पू कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।