गाजीपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर 2026 को जनपद में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्र ने पुष्पगुच्छ भेंटकर एसपी का स्वागत किया।
मोटरसाइकिल एवं ई-रिक्शा के माध्यम से निकाली गई जागरूकता रैली पुलिस कार्यालय से प्रारंभ होकर सांसद तिराहा, लंका, विशेश्वरगंज और रौजा होते हुए यातायात कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के जरिए लोगों को यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा और सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। यातायात नियमों का पालन चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के अमूल्य जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
यातायात माह के दौरान जनपद के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा। वहीं प्रमुख चौराहों, तिराहों, बाजारों और बस स्टैंडों पर यातायात पुलिस विशेष जागरूकता अभियान चलाएगी।
अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग नहीं करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने की अपील की जाएगी।
यातायात माह के दौरान दुर्घटना संभावित स्थलों एवं ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन संचालन और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त व्यावसायिक एवं सार्वजनिक परिवहन के चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन और निर्धारित क्षमता के अनुरूप सवारी बैठाने के लिए जागरूक किया जाएगा। सड़क दुर्घटना के घायलों की तत्काल सहायता, गोल्डन ऑवर के महत्व और गुड सेमेरिटन यानी नेक मददगार की भूमिका के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं के साथ पीछे बैठे व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की है।
पुलिस का संदेश है कि आपकी थोड़ी सी सावधानी किसी की पूरी जिंदगी बचा सकती है। यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रभारी निरीक्षक यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
यातायात माह का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा को जन-आंदोलन बनाकर दुर्घटनाओं और अनमोल जिंदगियों के नुकसान को रोकना है।

