गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को गोरा बाजार स्थित गाजीपुर मेडिकल हॉस्पिटल में आयोजित रक्तदान कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्वैच्छिक रक्तदान कर लोगों को महत्वपूर्ण संदेश दिया। जिलाधिकारी के स्वयं रक्तदान करने से कार्यक्रम में मौजूद लोगों में उत्साह देखने को मिला।

रक्तदान के बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में हमारा छोटा सा प्रयास बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि स्वस्थ एवं पात्र नागरिक आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव तथा विभिन्न चिकित्सकीय परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। नियमित स्वैच्छिक रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदान को लेकर लोगों को जागरूक किया गया तथा रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया गया। जिलाधिकारी द्वारा स्वयं रक्तदान किए जाने को सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण बताया गया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को यह संदेश दिया कि समाजहित में किया गया रक्तदान किसी अनजान व्यक्ति के जीवन के लिए संजीवनी साबित हो सकता है।