गाजीपुर। साइबर अपराध के खिलाफ गाजीपुर पुलिस की सक्रियता का एक और सराहनीय उदाहरण सामने आया है। थाना नोनहरा की साइबर हेल्प डेस्क टीम के प्रयास से यूपीआई फ्रॉड के शिकार राजेश कुमार सिंह की ₹23,000 की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
महुआरी, पोस्ट अरखपुर, थाना नोनहरा निवासी राजेश कुमार सिंह पुत्र सुरेंद्र नाथ सिंह के साथ ऑनलाइन यूपीआई के माध्यम से ₹23,000 का फ्रॉड हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत संख्या 33102260036340 दर्ज कराई।
शिकायत पर साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने तत्परता से कार्रवाई शुरू की। संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित करते हुए कोर्ट ऑर्डर के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर फ्रॉड की गई ₹23,000 की संपूर्ण धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर राजेश कुमार सिंह ने गाजीपुर पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए साइबर हेल्प डेस्क थाना नोनहरा की टीम का आभार व्यक्त किया।
साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराना धनराशि की वापसी में बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

