जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी, खराब हैंडपंप-स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने के निर्देश; शहर के प्रवेश मार्ग पर होगी बेहतर प्रकाश व्यवस्था

गाजीपुर। नगर निकायों में विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद की नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में संचालित विकास कार्यों, साफ-सफाई, जल निकासी, पेयजल, पथ प्रकाश सहित विभिन्न जनसुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने साफ-सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि नगरीय क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थानों पर ही एकत्र कर उसका समुचित निस्तारण कराया जाए। उन्होंने जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां स्थायी एवं प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

पेयजल और स्ट्रीट लाइट पर भी सख्ती

पेयजल आपूर्ति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिकों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए। खराब हैंडपंप, पाइपलाइन तथा जलापूर्ति से जुड़ी अन्य समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।

वहीं, नगर क्षेत्रों में खराब स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र ठीक कराने को कहा गया। गाजीपुर शहर के प्रवेश मार्गों पर पर्याप्त एवं बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि आवागमन करने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं

नगर निकायों में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों को लेकर डीएम ने स्पष्ट किया कि गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी भी दी।

खेल मैदानों में ओपन जिम और डिजिटल लाइब्रेरी का प्रस्ताव

बैठक में जिलाधिकारी ने चिन्हित स्थानों पर खेल मैदानों में ओपन जिम स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पूर्व में संचालित डिजिटल लाइब्रेरी के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर डिजिटल लाइब्रेरी के निर्माण की दिशा में कार्रवाई करने को कहा गया।

कर वसूली बढ़ाने पर जोर

डीएम ने नगर निकायों की कर वसूली और राजस्व की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई कर राजस्व बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता, पथ प्रकाश, नाली निर्माण, सड़क मरम्मत समेत जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निकायों का मूल उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में संबंधित नगर निकायों के अधिकारी, अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।